Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रात में डीजे बंद किया तो जबरदस्ती चलवाने को मारपीट

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।   पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के मल्हान स्थित घर में चल रही मेहंदी कोकटेल पार्टी के दौरान रात को डीजे बजा रहे युवक के साथ मारपीट का मामले सामने आया है। आरोप है कि तय समय के बाद रात को डीजे बंद किया तो जबरदस्ती चलवाने के लिए मारपीट की गई। घटना बीते एक अक्तूबर की है। जिस पर बुधवार को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि नयागांव निवासी 20 वर्षीय रोहन ने तहरीर दी। बताया कि बीते एक अक्तूबर को मल्हान में अंकित बुटोला के घर पर आयोजित काकटेल पार्टी में डीजे बजा रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे डीजे बंद कर सामान समेटने लगा। इस दौरान गुलशन रावत ने जाति सूचक गाली देते हुए डीजे बजाने का दबाव बनाया। रोहन के मना करने पर गुलशन वहां से चला गया। दस मिनट बाद अपने साथी रवि रावत, विमल रौथाण, सुंदर रावत, धनवीर, पूरण और दो अन्य अज्ञात साथियों संग वापस आया। इन लोगों ने रोहन के साथ मारपीट की। आरोप है कि डंडे और साइकिल की चेन से हमला किया गया। रोहन को सिर, कान, पेट और छाती पर चोटें आईं। आरोपियों ने उसकी स्कूटी तोड़ दी और चाबी छीन ली। रोहन नया गांव चौकी पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने वहां भी घेराव किया। इसके बाद घायल ने अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। इंस्पेक्टर अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।