Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

4 जून को अल्मोड़ा में राहुल गांधी की जनसभा, तैयारी में जुटी कांग्रेस

Spread the love



अल्मोड़ा। विधायक मनोज तिवारी ने कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि आगामी 4 जून को नेता प्रतिपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अल्मोड़ा में जनसभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके लिए तैयारियों में जुट गई है। उन्होंने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तराखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में जनसभा को सफल बनाने और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पहले दिन 4 जून को वह अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद गढ़वाल क्षेत्र में सैनिकों से संवाद करेंगे। दूसरे दिन देहरादून में कांग्रेस विधायकों, नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि तैयारी बैठक में कुमाऊं क्षेत्र के कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी प्रतिभाग करेंगे। जनसभा को ऐतिहासिक और सफल बनाने को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। विधायक तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश और केंद्र सरकार की विफलताओं पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है। पेपर लीक, बेरोजगारी और महिला असुरक्षा जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है तथा कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सभा से प्रदेश के युवाओं में नया जोश आएगा और कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ जनता के बीच पहुंचेगी। तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा की जनसभा को वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव के आगाज के रूप में भी देखा जा सकता है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष पीतांबर पांडे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *