Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

शराबी पति ने डाक सहायक पत्नी की उंगलियां तोड़ीं

देहरादून(आरएनएस)। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति और ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता वर्तमान में आईआईपी मोहकमपुर खुर्द में रह रही हैं और डाक विभाग में डाक सहायक के पद पर कार्यरत हैं। मंदाकिनी विहार सहस्रधारा रोड निवासी शालिनी शर्मा का विवाह वर्ष 2017 में आयुष शर्मा के साथ हुआ था। पुलिस को दी गई तहरीर में शालिनी ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालियों का व्यवहार क्रूर था। सास संगीता शर्मा मासिक धर्म के दौरान उनके साथ छुआछूत करती थीं। ससुराल वालों ने शालिनी पर अपने नाम से लोन लेकर सास के नाम जमीन खरीदने और अपनी पूरी सैलरी उन्हें सौंपने का दबाव बनाया। इंकार करने पर पति आयुष, सास, ससुर, ननद स्मृति और देवर अक्सर मारपीट करते थे। आरोप है कि उनका पति आयुष उनके तीन वर्षीय मासूम बेटे को भी अपनी मां और नाना-नानी को गालियां देना सिखाता था। विरोध करने पर वह बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता। पूर्व में महिला हेल्पलाइन (2022) और परिवार न्यायालय (2024) में कई बार समझौते हुए। फिर भी परिवार नहीं चला। आरोप है कि बीते दो जनवरी को शराब के नशे में धुत पति आयुष ने शालिनी पर बल्ली से हमला कर दिया। मारपीट में शालिनी के हाथ की उंगलियां टूट गईं। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने महिला हेल्पलाइन की संस्तुति के बाद पांचों आरोपियों केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।