Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू, 10 मई अंतिम तिथि

Spread the love

देहरादून। राज्य के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत प्रतिभाशाली बालक और बालिकाओं को खेल क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
राज्य के आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाता है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी और आइस स्पोर्ट्स की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत में बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसमें जन्म तिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के बीच हो। साथ ही अभ्यर्थी का उत्तराखंड का मूल या स्थायी निवासी होना आवश्यक है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल और प्रवीणता के आधार पर चयन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं या वेबसाइट से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। दक्षता परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0135-2788142 पर संपर्क किया जा सकता है।