Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

छात्रों को साइबर अपराध व नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी


अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद में जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल में पुलिस टीम ने जागरूकता पाठशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में कोतवाली अल्मोड़ा की टीम ने यह कार्यक्रम संचालित किया। इस दौरान पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने छात्रों से कहा कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गोपनीय सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 पर सूचना देने की अपील की गई।