Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्वास्थ्य-शिक्षा और सड़कों की बदहाली दूर करना सरकार की प्राथमिकता हो: दिनेश कुंजवाल

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के जिला कार्यालय में मंगलवार को जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी में शामिल हुए पूर्व राज्य मंत्री दिनेश कुंजवाल का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में दिनेश कुंजवाल ने उत्तराखंड के व्यापक जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मूल निवास, धारा 371 के प्रावधान और स्थायी राजधानी गैरसैंण जैसे विषयों पर ठोस एवं निर्णायक पहल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण की मूल भावना तभी सार्थक होगी, जब युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं, किसानों और आम जनता के हितों को प्राथमिकता मिले। दिनेश कुंजवाल ने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की बदहाली दूर करने, अनिवार्य चकबंदी लागू करने, अतिथि शिक्षकों को स्थायी नियुक्ति देने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से अपने मूलभूत अधिकारों और स्थायी समाधान की मांग कर रही है। उत्तराखंड क्रांति दल इन जनमुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच लेकर जाएगा। इस अवसर पर यूकेडी के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्राप्त पत्र की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इच्छुक प्रत्याशी जिला कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक अल्मोड़ा जिला कार्यालय से कुल आठ आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं। इससे विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों में उत्साह दिखाई दे रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी। उत्तराखंड की अस्मिता, अधिकारों और विकास से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में विनय किरौला, गिरीश गोस्वामी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।