Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्याल्दे तहसील का एडीएम ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव के दिए निर्देश

Spread the love

अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने गत दिवस तहसील स्याल्दे का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं और अभिलेखों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय के अभिलेखों, रिकॉर्ड कक्ष और कार्यालयीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य नाजिर रजिस्टर संख्या-4 एवं 7 का रखरखाव नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित चेकों के अभिलेखों में संबंधित पटवारी को चेक प्राप्त होने और वापस भेजे जाने की तिथि अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।

उन्होंने आधुनिकीकृत रिकॉर्ड रूम में शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश देते हुए रिकॉर्ड रूम में जमा खतौनियों का वर्षवार विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज रखने को कहा। इसके अलावा निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद खसरों को भी नियमानुसार रिकॉर्ड रूम में जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व अभिलेखों का सुरक्षित और व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी और तहसीलदार भी उपस्थित रहे।