Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

यूकेडी ने संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर किया मंथन, पान सिंह लटवाल बने जिला कोषाध्यक्ष

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) की जनपद इकाई की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, आगामी चुनावों की रणनीति और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि ऑफलाइन सदस्यता अभियान के तहत अब तक करीब 8,500 नए सदस्य संगठन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में यूकेडी की नीतियों और जनसरोकारों को लेकर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। इस दौरान सर्वसम्मति से पान सिंह लटवाल को यूकेडी अल्मोड़ा का जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

बैठक में आगामी चुनावों को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने और जनसंपर्क कार्यक्रमों को व्यापक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को महिलाओं का बढ़ता सहयोग उत्साहजनक बताया।

बैठक में वर्ष 2001-02 से लंबित पुलिस ग्रेड पे ₹4600 की मांग का समर्थन दोहराते हुए निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को अल्मोड़ा से बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री को पुलिस कर्मियों की न्यायोचित मांगों सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी ने किया। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष पंकज सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, जिला युवा अध्यक्ष रघुवर भाकुनी, युवा केंद्रीय संगठन मंत्री नरेश सिंह बिष्ट, युवा जिला महामंत्री रवि नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा उत्तराखण्ड के जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।