Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उरेडा की प्रोजेक्ट अफसर ने फांसी लगाकर दी जान, पति समेत पांच पर दहेज हत्या का मुकदमा

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) में तैनात 34 वर्षीय प्रोजेक्ट अफसर राजेश्वरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतका की बहन की तहरीर पर बसंत विहार थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पति पीयूष सिंह नहाने चला गया। इसी दौरान राजेश्वरी ने रसोई में जाकर दरवाजा बंद किया और पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पति जब बाहर आया तो पत्नी को फंदे से लटका देख उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

सोमवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। वहीं मृतका की बहन शकुंतला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि राजेश्वरी की शादी सात दिसंबर 2022 को पीयूष सिंह से हुई थी और विवाह के बाद से ही उसे पति, सास, जेठ, जेठानी और परिवार के अन्य सदस्य मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मृतका के साथ मारपीट की जाती थी तथा उसके जेवर, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य सामान भी ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में ले लिए थे। विरोध करने पर मायके पक्ष के साथ अभद्रता की जाती थी और उसे लगातार तलाक देने व जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।

पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।