Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उत्तराखंड की विकास यात्रा सही दिशा में आगे बढ़ रही : मुख्यमंत्री धामी


अल्मोड़ा में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय एसडीजी अचीवर्स अवार्ड समारोह
विजेताओं को किया गया सम्मानित, उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने का दोहराया संकल्प
अल्मोड़ा। उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी अचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाजहित में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं का सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन संस्थानों ने अपने मजबूत संकल्प और परिश्रम से असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ ही स्थायी विकास संभव है और इसी सोच के साथ राज्य सरकार वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में राज्य को मिला शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है। प्रमुख सचिव नियोजन एवं सीपीपीजीजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद का समग्र विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और गोविंद पिलख्वाल, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।