Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

15 मई तक उत्तराखंड में मौसम रहेगा बदलता, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 15 मई तक प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 और 10 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई से मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर अचानक मौसम खराब होने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

12 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि आंधी के दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

13 मई को भी इन जिलों में गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 14 और 15 मई को भी पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।