Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डीएम ने जिला सहकारी बैंक के नवनियुक्त कर्मचारियों को ईमानदारी व दक्षता से कार्य करने का दिया संदेश

Spread the love


अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला सहकारी बैंक के नवनियुक्त कर्मचारियों के साथ एक औपचारिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर उन्होंने सभी नए कर्मचारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उन्हें उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला सहकारी बैंक में हाल ही में कुल 31 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें 3 वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, 2 कनिष्ठ शाखा प्रबंधक और 26 लिपिक/कैशियर शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी नवचयनित कर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और दक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से बैंक की सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की अपेक्षा है। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी दक्षता से युक्त ये युवा कर्मचारी न केवल बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावशाली बनाएंगे, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंक की पहुंच को भी सशक्त करेंगे। उन्होंने बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नवनियुक्त कर्मियों को कार्य के अनुरूप समुचित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी कुशलता के साथ कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सहकारी बैंक की सेवाएं उन लोगों तक अवश्य पहुंचे, जो अब तक इससे वंचित हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में जिला सहकारी बैंक के सचिव/महाप्रबंधक मनोहर सिंह भंडारी, उप महाप्रबंधक मुखराम प्रसाद, उप महाप्रबंधक धनराज सिंह नपलच्याल, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्वेता उपाध्याय सहित सभी नवनियुक्त कर्मचारी और अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।