Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज ने चलाया जागरूकता अभियान

Spread the love


अल्मोड़ा। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान अल्मोड़ा के समुदाय चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का आयोजन शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र पातालदेवी और ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र हवालबाग द्वारा किया गया। यूएचटीसी पातालदेवी की टीम ने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, धार की तूनी में छात्राओं के साथ एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में डेंगू के कारण, प्रकार, लक्षण, रोकथाम और उपचार की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को वेक्टर जनित रोगों के प्रति सजग कर अपने समुदायों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित करना था। इसी क्रम में आरएचटीसी हवालबाग की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग में एनसीसी कैडेट्स के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें डेंगू के संक्रमण के कारण, लक्षण, उपचार और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नियंत्रित करने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स को स्वच्छता और डेंगू की रोकथाम के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में डॉ. वन्या सिंह, एमएसडब्ल्यू मोहम्मद इकबाल और इंटर्न टीम की सक्रिय भागीदारी रही। समन्वय आरएचटीसी प्रभारी डॉ. प्रीति द्वारा किया गया।