Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

योग विज्ञान विभाग द्वारा ‘आओ हम सब योग करें’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन जारी

1001600623


अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग द्वारा 21 मई से 21 जून तक ‘आओ हम सब योग करें’ अभियान के अंतर्गत योग जागरूकता और स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से देशभर में निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान ‘स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। योग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. नवीन चंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान न केवल उत्तराखंड के अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उधम सिंह नगर, नैनीताल, खटीमा, लोहाघाट, टनकपुर और रामनगर जैसे जिलों में चलाया जा रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ, ओरैया, मुरादाबाद तथा दिल्ली के पूर्वी इलाकों सहित देश के विभिन्न राज्यों में भी योग शिविरों का आयोजन हो रहा है। इस अभियान के तहत अब तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 300 से अधिक शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनमें प्रतिभागियों को आसन, प्राणायाम, मुद्रा, जप, प्रार्थना, भक्ति योग और हास्य योग का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही, विभिन्न शारीरिक और मानसिक रोगों के उपचार हेतु उपचारात्मक योग सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। डॉ. भट्ट ने बताया कि अभियान में विश्वविद्यालय के प्रशिक्षु छात्रों के साथ-साथ देश के अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत योग प्रशिक्षु भी स्वयंसेवक के रूप में जुड़े हुए हैं और पूरे देश में जनहित में नि:शुल्क शिविरों का संचालन कर रहे हैं। योग विज्ञान विभाग का लक्ष्य है कि योग के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित किया जाए। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, साथ ही आमजन के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन प्रातः और सायं योग सत्र संचालित किए जा रहे हैं।