Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने संभाला अल्मोड़ा के सीएमओ का कार्यभार

Spread the love


स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को बताया प्राथमिकता
अल्मोड़ा। डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने अल्मोड़ा जनपद के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मूल रूप से जनपद के ग्राम नागेर, पोस्ट बिन्ता निवासी डॉ. तिवारी की शिक्षा भी उन्हीं के पैतृक क्षेत्र में हुई है। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज बग्वाली पोखर, अल्मोड़ा से की। नैनीताल जनपद में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रह चुके डॉ. तिवारी ने भारतीय सेना में भी सेवाएं दी हैं। स्वास्थ्य प्रशासन में उनके पास गहरा अनुभव है, जिसे वह जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने में लगाना चाहते हैं। कार्यालय में आयोजित पहली बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त चिकित्साकर्मियों की तैनाती, अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा सेवाओं की सतत निगरानी रहेगी। डॉ. तिवारी ने बताया कि मेडिकल सुविधाओं के साथ ही एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने जलजनित रोगों की रोकथाम और त्वरित उपचार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।