Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

वीपीकेएएस अल्मोड़ा और फ्यूजन क्रॉप साइंस पुणे में समझौता

Spread the love


अल्मोड़ा। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा ने मक्का की उन्नत किस्म वीएल वीटा के बीज उत्पादन और विक्रय के लिए पुणे की फ्यूजन क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। यह समझौता बुधवार को नई दिल्ली स्थित पूसा के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी कॉम्प्लेक्स में आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 97वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान हुआ। वीएल वीटा मक्का की एक शीघ्र पकने वाली संकर किस्म है, जो 95 से 100 दिनों में तैयार हो जाती है। इसे उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों सहित पूर्वोत्तर राज्यों के लिए अधिसूचित किया गया है। इस किस्म की खासियत यह है कि इसमें प्रोविटामिन ए की मात्रा 7.48 माइक्रोग्राम प्रति ग्राम है, जो सामान्य मक्का की तुलना में तीन गुना अधिक है। वीएल वीटा को वीबीएल 101 और वीबीएल 102 के संयोजन से विकसित किया गया है। इसकी उपज क्षमता अधिक है और जैव-सुदृढ़ीकरण के चलते यह किस्म उपभोक्ताओं में पोषण सुरक्षा को बेहतर बनाने में सहायक होगी। समझौते के अवसर पर केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, सचिव डेयर एवं आईसीएआर के महानिदेशक एमएल जाट, एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के सीईओ प्रवीण मलिक, संस्थान के निदेशक लक्ष्मी कान्त तथा फ्यूजन क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संतोष परसराम भोजने मौजूद रहे।