Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा पुलिस ने 4 लाख के गांजे के साथ तस्कर दबोचा

अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मरचूला बैरियर के पास पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार से करीब 16 किलो अवैध गांजा बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 3.99 लाख रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में, उपनिरीक्षक कश्मीर सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सल्ट की टीम ने शनिवार रात मरचूला बैरियर के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान धूमाकोट रोड से आ रही एक मैटैलिक सिल्वर रंग की कार (संख्या- यूके 18 पी 3836) को संदिग्ध मानते हुए रोका गया। तलाशी में कार की डिग्गी से नीले-आसमानी रंग के प्लास्टिक कट्टे में रखा 15.985 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पंकज रावत (32) पुत्र जगमोहन सिंह रावत, निवासी निजड़ा फार्म, सैनिक कॉलोनी, काशीपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष सल्ट उपनिरीक्षक कश्मीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेशचंद्र, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार शामिल रहे।