Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जिलाधिकारी ने लिया पार्किंग निर्माण की खामियों पर संज्ञान, शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए

Spread the love


अल्मोड़ा। नगर के टैक्सी स्टैंड के पास बनी नई पार्किंग की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराज़गी जताई थी। उन्होंने पार्किंग का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई। पार्षदों का कहना था कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पार्किंग का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्श से सीमेंट की परतें उखड़ चुकी हैं, कई जगहों पर सरिया दिखाई दे रही है और दीवारों का प्लास्टर झड़ने लगा है। उनका आरोप था कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और पूरे कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि पार्किंग की छत पर वाहनों के लिए शेड की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे धूप और वर्षा के दौरान वाहन खुले में खड़े रहते हैं। वहीं, अग्निशमन उपकरणों की भी व्यवस्था नहीं है। वर्षा जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं, जिनकी सफाई न होने से बरसात के दिनों में पार्किंग परिसर में पानी भर जाता है और कीचड़ फैलने से वाहन चालकों व आम नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पार्षदों ने चेतावनी दी थी कि यदि कार्यदायी संस्था ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए और खामियों को दूर नहीं किया, तो भाजपा कार्यकर्ता कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के खिलाफ जिला अधिकारी से वार्ता कर जांच की मांग करने को बाध्य होंगे। इस प्रकरण पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं संज्ञान लेते हुए कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को तलब किया और पार्किंग की खामियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर हरि प्रकाश सोमवार को अल्मोड़ा पहुंचे और भाजपा शिष्टमंडल के साथ पुनः निरीक्षण किया। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर पार्किंग के सुधारीकरण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। पार्षद अमित शाह मोनू ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब पूरे सुधार कार्य की निरंतर निगरानी की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि काम गुणवत्ता के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में विभागीय लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद अर्जुन बिष्ट, अभिषेक जोशी, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी और ग्राम प्रधान विनोद जोशी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *