Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बेसिक शिक्षा निदेशालय में हंगामा, निदेशक पर मोबाइल छीनने और हाथापाई का आरोप

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  देहरादून स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय में गुरुवार को बड़ा हंगामा हो गया। बेसिक शिक्षक भर्ती में प्रशिक्षु डीएलएड अभ्यर्थियों को शामिल करने की मांग को लेकर निदेशक से मिलने पहुंचे अभिभावकों ने निदेशक पर अभद्रता करने और मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, शिक्षा विभाग प्राइमरी स्कूलों में 1649पदों पर शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इस भर्ती में अभी डीएलएड प्रशिक्षु शामिल नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि उनका लगभग एक माह का प्रशिक्षण अभी बचा हुआ है। इसी कारण ये प्रशिक्षु, अभिभावक और कुछ राजनैतिक संगठन के लोग लगातार विभाग पर उन्हें भर्ती में मौका देने का दबाव बना रहे हैं। गुरुवार को अभिभावक और प्रतिनिधिमंडल इसी मांग को लेकर निदेशक कार्यालय पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, वार्ता के दौरान एक महिला ने खुद को पत्रकार बताते हुए बातचीत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो रिकॉर्डिंग देखकर निदेशक भड़क गए। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि निदेशक ने महिला का मोबाइल छीन लिया और इस दौरान हाथापाई का प्रयास भी किया गया। इस घटना से निदेशालय में अफरा-तफरी मच गई और अभिभावकों ने निदेशक के व्यवहार पर गहरा रोष व्यक्त किया। प्रशिक्षुओं और उनके अभिभावकों का कहना है कि वे अपने रोजगार के भविष्य को लेकर चिंतित हैं और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उनकी परेशानी को समझने को तैयार नहीं हैं। निदेशक पर लगे अभद्रता के आरोपों ने अब शिक्षा विभाग में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।