Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सड़क घेरकर हो रही थी वाहनों की सर्विस, पुलिस ने किया 10 हजार का चालान

Spread the love

अल्मोड़ा। धारानौला क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़े कर सर्विस सेंटर संचालित करना एक संचालक को भारी पड़ गया। कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर 25 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत जनपद में अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में धारानौला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि मकेड़ी धारानौला निवासी दीवान बोरा सड़क पर वाहन खड़े कर “बोरा ऑटो मोबाइल” नाम से सर्विस सेंटर संचालित कर रहा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया और भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।

अभियान के दौरान रेट्रो साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 25 वाहन चालकों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।