Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा पुलिस की मासिक गोष्ठी में अपराध नियंत्रण पर मंथन, 21 पुलिसकर्मी सम्मानित

अल्मोड़ा। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी और सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशा तस्करी और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

गोष्ठी की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस कर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना गया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को जीपीएफ का आवश्यकता अनुसार उपयोग करने और वेतन खातों को पुलिस सैलरी पैकेज से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस कार्यों की नियमित निगरानी, डायल 112 से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और न्यायालय से जारी वारंट व समन की प्रभावी तामील पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी ने आईपीएल मैचों के दौरान सट्टा और जुआ गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आदतन अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने को कहा।

बैठक में बीट पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय बनाने, ई-बीट बुक नियमित अपडेट करने तथा ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया। “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था को लेकर ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, नाबालिग वाहन चालकों और रेट्रो साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थाना प्रभारियों और साइबर सेल को शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में थाना सल्ट में तैनात हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार को अप्रैल माह का “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” चुना गया। उन्होंने हाल ही में 10.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामदगी मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।