Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्कूली बच्चों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Spread the love


अल्मोड़ा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को अल्मोड़ा पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा ने स्प्रिंग डेल्स स्कूल, धारानौला में विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं महिला कोतवाली की टीम ने विवेकानंद इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, राष्ट्रीय एकता के महत्व तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम ठगी, फिशिंग और फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *