Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

शिक्षा के बाजारीकरण और छात्र-युवा अधिकारों को लेकर उत्तराखण्ड छात्र संगठन की बैठक

Spread the love


अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड छात्र संगठन की ओर से छात्र-युवा, शिक्षा और संगठन के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण एवं व्यवसायीकरण, शिक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, छात्र-छात्राओं के अधिकारों और प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त चुनौतियों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा धीरे-धीरे आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है और इसे सेवा के बजाय बाजार व मुनाफे का माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा के व्यवसायीकरण को कम करने, सभी के लिए समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा शिक्षा को सुलभ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। छात्र-युवाओं से जुड़े रोजगार, महिला सुरक्षा, समान अवसर और शिक्षण संस्थानों की समस्याओं पर भी विचार रखे गए। बैठक में उत्तराखण्ड छात्र संगठन की आगामी कार्ययोजना, कार्यकारिणी के गठन और संगठन को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। संगठन का विस्तार अल्मोड़ा तक सीमित न रखकर पूरे उत्तराखण्ड में करने, विभिन्न जिलों एवं शिक्षण संस्थानों में छात्र-युवाओं को संगठित करने और गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र-युवाओं के बुनियादी सवालों को लेकर मजबूत, सक्रिय एवं लोकतांत्रिक संगठन खड़ा किया जाना जरूरी है, जो शिक्षा, रोजगार, समानता, सामाजिक न्याय और छात्र अधिकारों के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाए। बैठक में पीसी तिवारी, सीता चम्याल, सोनी मेहता, सुरेंद्र सिंह धामी, किरण, गोपाल, विकास किरण महरा, रवि रौतेला और आशीष बनोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने छात्र-युवा हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने तथा उत्तराखण्ड छात्र संगठन को प्रदेशव्यापी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में सहभागिता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *