Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दन्या बाजार में जाम से बेहाल लोग, सड़क तक फैला सामान और बेतरतीब पार्किंग बनी परेशानी

Spread the love


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दन्या बाजार में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शादी का सीजन शुरू होने के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीण खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे सड़क पर वाहनों और लोगों की भीड़ बढ़ गई है। बाजार में दुकानदारों द्वारा सामान सड़क तक फैलाए जाने और सड़क किनारे वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने से हाईवे का हिस्सा संकरा हो गया है। इसके चलते लंबी दूरी के यात्रियों के साथ स्थानीय पैदल राहगीरों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही है। जाम खुलवाने के लिए मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाला यह मार्ग सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इस पर भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। हाईवे चौड़ीकरण के आश्वासन कई बार दिए गए, लेकिन धरातल पर काम नहीं होने से जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। एसओ दन्या दिनेश नाथ महंत ने बताया कि स्थानीय व्यापारियों को दुकानों का सामान सड़क पर नहीं लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इनका पालन नहीं किया जा रहा है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ शादी का सीजन होने के कारण भी जाम की स्थिति बन रही है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए दो पुलिसकर्मियों और होमगार्डों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *