Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

चकराता में खाई में गिरी कार; दो की मौत, दो घायल

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।  चकराता ब्लॉक के बुधेर मार्ग पर एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। शनिवार तड़के ग्राम सभा लोहारी के लेवरा गांव से चार लोग कार में सवार होकर बुधेर बंगले की ओर किसी काम से जा रहे थे। तभी अचानक बुधेर मार्ग पर द्वार डांडा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग नौ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार के खाई में गिरने से उसके परखच्चे उड़ गए। आसपास के ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची प्रशासन और एसडीआरएफ टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घायलों को खाई से रेस्क्यू किया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दो अन्य घायलों को एंबुलेंस से चकराता स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। थानाध्यक्ष चकराता चंद्रशेखर नौटियाल व राजस्व निरीक्षक अनिल चौहान ने बताया कि हादसे में प्रकाश (32) पुत्र टोलू व गुड्डू (33) पुत्र नंदिया निवासीगण ग्राम लेवरा लोहारी तहसील चकराता की मौके पर मौत हो गई। जबकि गजेंद्र (28) पुत्र तुलसी, शेरू (29) पुत्र नैणू ग्राम लेवरा तहसील चकराता घायल हो गए हैं।