Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कोतवाली चौखुटिया ने छात्राओं को दी साइबर सुरक्षा और कानून की जानकारी

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियानों के तहत कोतवाली चौखुटिया की ओर से स्कूली छात्राओं को सुरक्षा और कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। यह कार्यक्रम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मासी, चौखुटिया में आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं के साथ विद्यालय का स्टाफ भी शामिल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोतवाली चौखुटिया के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नशा मुक्ति के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों, जिनमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम शामिल हैं, की संक्षिप्त जानकारी भी दी गई। महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े पॉक्सो कानून के प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया। प्रभारी निरीक्षक ने छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित चलने और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताई। आत्मरक्षा के प्रारंभिक उपायों की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के तरीके समझाए गए और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान डायल 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *