अल्मोड़ा। जनगणना 2027 के सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर अभ्यास सत्र का आयोजन करते हुए प्रतिभागियों को लैपटॉप के माध्यम से प्रत्यक्ष अभ्यास आधारित प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे जनगणना की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझ सकें। प्रशिक्षण के अंतर्गत विभिन्न चरणों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। विशेष रूप से चार्ज अधिकारियों को मानचित्र निर्माण की प्रक्रिया सहित क्षेत्र निर्धारण, सूचनाओं के संकलन तथा डिजिटल माध्यम से कार्य निष्पादन की तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी एवं कर्मचारी आधुनिक तकनीकी प्रणाली के अनुरूप दक्षता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र एवं नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा तथा अन्य प्रशिक्षु उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशालय से नामित प्रशिक्षकों राजू बनवारी, निखिल पंत एवं शुभम द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, मानचित्र निर्माण, आंकड़ा संकलन तथा तकनीकी संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
जनगणना हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण





