Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

छद्म भेष में ठगी करने वालों के खिलाफ महिला कोतवाली का अभियान, बुजुर्गों से भी की गई मुलाकात

Spread the love


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में जिले में छद्म भेष धारण कर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में रविवार को महिला कोतवाली अल्मोड़ा की पुलिस टीम ने “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत अभियान चलाया। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों में रह रहे बाबाओं से पूछताछ की और उनके पहचान पत्रों व अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति सामने नहीं आया। पुलिस ने पहले से सत्यापित बाबाओं और धार्मिक स्थलों से जुड़े लोगों को यह भी बताया कि यदि भविष्य में कोई संदिग्ध व्यक्ति साधु या संत का भेष धारण कर दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इसी अभियान के तहत “ऑपरेशन भल छौ” के अंतर्गत महिला पुलिस टीम ने अकेले रहने वाले एकल बुजुर्गों और अन्य वरिष्ठ नागरिकों से भी मुलाकात की। पुलिस ने उनकी कुशलक्षेम जानी और किसी भी प्रकार की समस्या पर सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बुजुर्गों को आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई और बताया गया कि स्वास्थ्य या अन्य किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल सहायता प्रदान करेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि धार्मिक आस्था की आड़ में ठगी करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिया जा सके।