Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

त्यूणी बाजार में एटीएम लगाने की मांग

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।   त्यूणी बाजार में एटीएम लगाने की मांग को लेकर लोगों ने आरबीआई को ज्ञापन प्रेषित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह त्यूणी तहसील के 50 से अधिक गांव, पड़ोसी जनपद उत्तरकाशी के बंगाण पट्टी के तीस गांव और हिमाचल प्रदेश के शिमला जनपद के बीस गांवों का मुख्य बाजार है। एटीएम न होने से लोगों को पैसे निकालने में परेशानी होती है। एटीएम न होने पर व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। अधिकांश ग्रामीणों के पास डिजिटल पेमेंट की सुविधा नहीं है, जबकि कई बुजुर्गों को डिजिटल पेमेंट की जानकारी ही नहीं है। ऐसे में बाजार आने वाले ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नगदी निकासी के लिए उन्हें बैंक की लाइन में लगना पड़ता है, जिसमें समय अधिक लगता है। त्यूणी कस्बे में उत्तरांचल ग्रामीण बैंक, एसबीआई और पीएनबी की शाखाएं हैं, लेकिन बैंकों की लिमिट कम होने के कारण एटीएम की सुविधा नहीं मिल रही है। स्थानीय लोगों ने कस्बे में जल्द एटीएम सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत, यशपाल ठाकुर, रमेश चौहान, रामशरण जोशी, बलवीर चौहान, पंकज, जगदीश डोभाल, भागी राम डोभाल आदि शामिल रहे।