Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

21 लाख का गांजा के साथ अल्मोड़ा पुलिस ने किया तस्कर गिरफ्तार

Spread the love


अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात देघाट थाना पुलिस ने एक होंडा अमेज कार से 86.032 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद माल की कीमत साढ़े 21 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा की ओर से नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए जिलेभर में अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में रविवार देर रात वल्मरा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे सराईखेत रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कार नंबर डीएल 3सीसीजी0504 को रोका गया। तलाशी में वाहन के अंदर आठ बोरियों में भरा गांजा मिला। पुलिस टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजा और वाहन को कब्जे में लेकर थाना देघाट में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश (36), निवासी ग्राम महेशपुरा, थाना बाजपुर, जिला उधम सिंह नगर ने खुद को पेशेवर ड्राइवर बताया और कहा कि वह यह गांजा सराईखेत से रामनगर ले जा रहा था। पुलिस अब तस्करी की पूरी श्रृंखला का पता लगाने में जुट गई है और खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी स्रोतों की जानकारी खंगाल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। देघाट पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गंगाराम गोला, अपर उपनिरीक्षक राजवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज पांडे और कांस्टेबल नीरज बिष्ट शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *