Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कांग्रेस के आरोप निराधार, विकास कार्यों पर दे ध्यान: विनीत बिष्ट

Spread the love


अल्मोड़ा। विधायक मनोज तिवारी की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कांग्रेस पर निराधार और तथ्यहीन आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भावनात्मक भाषणों के बजाय जनता अब धरातल पर हो रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है। विनीत बिष्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। इसके साथ ही स्वरोजगार योजनाओं, स्टार्टअप नीति, होमस्टे योजना और कृषि आधारित अनुदान कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विधायक मनोज तिवारी से अपने 15 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य हुआ है तो उसकी तथ्यात्मक जानकारी दी जानी चाहिए। केवल बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन को जनसेवा का प्रमाण नहीं माना जा सकता। नगर अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सरकार ने रिकॉर्ड बजट स्वीकृत कर कार्यों को गति दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों की तैनाती, सड़कों के पुनर्निर्माण और विद्यालयों के आधुनिकीकरण के कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। विपक्ष यदि रचनात्मक सुझाव देता है तो उसका स्वागत है, लेकिन निराधार आरोपों से जनता भ्रमित नहीं होगी।