Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

‘राज्य स्थापना रजत जयंती सप्ताह’ के तहत वृहद स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love


अल्मोड़ा। राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर तथा इस उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘राज्य स्थापना रजत जयंती सप्ताह’ के अंतर्गत सोमवार को जनपदभर में वृहद स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा नगर क्षेत्र, स्कूल परिसर, सड़क मार्गों समेत विभिन्न क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए थे। इन अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर स्वच्छता कार्यक्रम को अंजाम दिया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम पहुंचकर स्वच्छता स्वयंसेवियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वयं भी स्वच्छता हेतु श्रम दान किया। उनके नेतृत्व में स्टेडियम परिसर से बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित किया गया। यहां मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर के संभ्रांत नागरिक, स्कूली बच्चे तथा खेल प्रेमियों ने इस अभियान का हिस्सा बनकर स्टेडियम परिसर को कूड़ा रहित बना दिया। इसी क्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. योगेश अग्रवाल के नेतृत्व में होटल देवदार से सिमकनी मैदान तक के क्षेत्र एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता कार्य किया गया, जिसमें राहगीरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्य में विभागीय अधिकारी- कर्मचारियों एवम एनसीसी छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इस दौरान कहा कि इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाना है। लोगों में स्वच्छता के प्रति अच्छा आचरण विकसित हो तथा लोग इस कार्य को दीर्घकाल हेतु अपनी आदत में लाएं यह इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि स्वयं के साथ साथ अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा अपने आस पास कूड़ा न फैलाए। उन्होंने कहा कि कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डाले तथा स्वच्छता कर्मियों का सहयोग करें। इस समूचे स्वच्छता अभियान के लिए 26 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारी नामित किए गए थे। एकत्रित कूड़े को नगर निगम, नगर पालिका, नगरपंचायत तथा जिला पंचायत के वाहनों से निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *