Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक चरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 29 मई से 7 जून तक गणना प्रपत्रों की छपाई और कार्मिकों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अधीनस्थ बीएलओ का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं तथा शिकायतों और त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक निर्धारित की गई है। वहीं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जुलाई से 11 सितंबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य शेष है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।