Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एसओजी और लमगड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने 5 लाख से अधिक की चरस के साथ तस्कर किया गिरफ्तार

Spread the love


अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और लमगड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने लमगड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 2.532 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत लगभग 5 लाख 6 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने बताया कि नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने के लिए लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अभियान के तहत रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में निरीक्षक भुवन जोशी, प्रभारी एसओजी, तथा थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में गठित टीम ने लमगड़ा रोड पर जय जागेश्वर मिष्ठान भंडार के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक व्यक्ति ललित पांडे (38) पुत्र पूरन पांडे, निवासी धुरासंग्रोली, पोस्ट चायखान, लमगड़ा को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी में उसके कब्जे से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद हुई। अभियुक्त के खिलाफ थाना लमगड़ा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी में शामिल टीम में उपनिरीक्षक नरेश कोहली, चौकी प्रभारी मोरनौला, हेड कांस्टेबल त्रिलोकनाथ गोस्वामी, कांस्टेबल केशव भौंत, कांस्टेबल राकेश भट्ट, कांस्टेबल चन्दन सिंह, कांस्टेबल इरशाद उल्ला और कांस्टेबल राजेश भट्ट शामिल रहे।