Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश; नशा, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था पर फोकस

Spread the love


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा के साथ कानून व्यवस्था, नशा तस्करी, साइबर अपराध, यातायात, कांवड़ यात्रा और मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन को लेकर सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस कर्मियों की व्यक्तिगत, सामूहिक एवं विभागीय समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। इसके बाद अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने को कहा गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और एसओजी को नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, मादक पदार्थों की बरामदगी बढ़ाने और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-बीट बुक को शत-प्रतिशत अद्यतन रखने, नियमित बीट भ्रमण कर आमजन से संवाद बढ़ाने और पुलिस-जन विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में लंबित ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायतों, सीएम हेल्पलाइन, माल मुकदमाती, समन, नोटिस और वारंटों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन, कांवड़ यात्रा तथा मानसून को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में सतर्कता, नियमित चेकिंग, रात्रि गश्त और आपदा प्रबंधन उपकरणों को पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को लेकर ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, नाबालिग वाहन चालकों और रेट्रो साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर अपराधों के मामलों में साइबर सेल के साथ समन्वय बढ़ाने, एमआरएम पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम होल्ड कराने की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा सीईआईआर पोर्टल से अधिक से अधिक गुम मोबाइल बरामद करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन सुनीता भट्ट ने अभियोजन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर थाना दन्या में दर्ज हत्या के एक मामले में जम्मू-कश्मीर से दो आरोपियों की गिरफ्तारी में सराहनीय भूमिका निभाने वाले थाना लमगड़ा में तैनात महिला कांस्टेबल इंद्रा मिश्रा को जून-जुलाई 2026 का ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ घोषित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी गुडवर्क और मानवीय कार्यों के लिए 24 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।