Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दीपावली पर एसएसपी ने कसी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

Spread the love


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने आगामी त्योहारों—धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज—को देखते हुए जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ली। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, सीएफओ, थाना, चौकी, फायर स्टेशन प्रभारी, निरीक्षक एलआईयू और अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इस क्रम में जिले के सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पटाखा बाजारों, बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजारों और प्रमुख प्रतिष्ठानों के आसपास पैदल गश्त, चीता मोबाइल, पिकेट और बैरिकेड ड्यूटी पर पुलिस जवान मुस्तैदी से तैनात हैं। कानून एवं शांति व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी आपराधिक, अराजक या उपद्रवी तत्व पर पुलिस की सतर्क निगरानी रखी जा रही है। इस प्रकार की कोई भी गतिविधि पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फायर यूनिटों को अल्मोड़ा और रानीखेत में पटाखा बाजारों के निकट फायर टेंडरों और अग्निशमन उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। जनपद के सभी प्रवेश मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। अल्मोड़ा शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवानों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। वहीं, पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *