Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नगर के कपीना निवासी तोषित लोहनी बने सेना में लेफ्टिनेंट

Spread the love


अल्मोड़ा। नगर के कपीना निवासी तोषित लोहनी ने भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। तोषित सेना में लोहनी परिवार की दूसरी पीढ़ी के अधिकारी हैं। उनके पिता कर्नल राजीव लोहनी ने भारतीय सेना में 25 वर्षों तक सेवा देते हुए देश की सीमाओं पर युद्ध में भाग लिया है। तोषित की माता कविता लोहनी भौतिकी विषय की शिक्षिका हैं। उनका प्रारंभिक शिक्षा काल मैग्नेसाइट कंपनी में अकाउंट ऑफिसर रहे उनके दादा गिरीश चंद्र लोहनी और दादी नीरजा लोहनी के सान्निध्य में बीता। इसके बाद उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल से शिक्षा ग्रहण की। लेफ्टिनेंट बनने से पहले तोषित ने ओटीए चेन्नई में नौ माह का प्रशिक्षण भी पूरा किया। उनके चाचा डॉ. संदीप लोहनी भी शिक्षाविद हैं। तोषित के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने आशा जताई कि तोषित लोहनी भारतीय सेना में अपने अनुकरणीय कार्य से न केवल परिवार बल्कि पूरे अल्मोड़ा का नाम रोशन करेंगे।