Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पांच लाख से अधिक के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love


अल्मोड़ा। एसएसपी अल्मोड़ा की नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भतरौजखान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए मुरादाबाद के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21.852 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 2 हजार 900 रुपये आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर जिलेभर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में भतरौजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सायं घट्टी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नाजिम (22 वर्ष), पुत्र नन्हे खां और इंतजार (35 वर्ष), पुत्र मौहम्मद हुसैन के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त ग्राम गोपालपुर, थाना कांठ, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में नाजिम ने बताया कि वह फेरी का काम करता है और अपने साथी के साथ गैरसैंण से गांजा लेकर मुरादाबाद ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस गांजा सप्लाई करने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। इस मामले में थाना भतरौजखान में मुकदमा अपराध संख्या 34/2025 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह सहित हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, उपेंद्र कुमार, कपिल देव और नारायण सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *